West Bengal By-Election: रेजीनगर-नंदीग्राम में BJP ने उतारे उम्मीदवार, शुभेंदु अधिकारी के पूर्व PA की मां को टिकट; TMC के दोनों गुट आमने-सामने

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की रेजीनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी तस्वीर साफ होने लगी है। भाजपा ने दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। नंदीग्राम से हासिरानी रथ को टिकट दिया गया है, जबकि रेजीनगर से शाखार सरकार चुनाव मैदान में होंगे। हासिरानी रथ, शुभेंदु अधिकारी के करीबी रहे दिवंगत चंद्रनाथ रथ की मां हैं।
चंद्रनाथ रथ की मई में हुई थी हत्या
चंद्रनाथ रथ की 6 मई की रात उत्तर 24 परगना जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक हमलावरों ने चार राउंड फायरिंग की थी, जिनमें तीन गोलियां चंद्रनाथ के सिर में लगी थीं।
41 वर्षीय चंद्रनाथ रथ मूल रूप से पूर्वी मेदिनीपुर के चांदपुर के रहने वाले थे। यह इलाका शुभेंदु अधिकारी के राजनीतिक प्रभाव वाले क्षेत्रों में गिना जाता है।
वायुसेना में करीब दो दशक रहे चंद्रनाथ
पार्टी सूत्रों के मुताबिक चंद्रनाथ रथ शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और सार्वजनिक तौर पर ज्यादा सक्रिय नजर नहीं आते थे, लेकिन लंबे समय तक शुभेंदु अधिकारी के करीबी समूह का हिस्सा रहे।
राजनीतिक संगठन से सक्रिय रूप से जुड़ने से पहले उन्होंने रहरा रामकृष्ण मिशन से शिक्षा हासिल की और करीब दो दशक तक भारतीय वायुसेना में सेवा की थी। परिवार के करीबी लोगों के अनुसार, छात्र जीवन में उनका झुकाव आध्यात्मिक जीवन की ओर भी था।
TMC के बागी गुट ने भी घोषित किए उम्मीदवार
उधर, तृणमूल कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी का असर इन उपचुनावों में भी दिखाई दे रहा है। ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट ने सोमवार को दोनों सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिए।नंदीग्राम से मोहम्मद एतेशामुल हक और रेजीनगर से सफीउद्दीन शेख को मैदान में उतारा गया है।
ममता बनर्जी के गुट ने भी उतारे प्रत्याशी
इससे पहले ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले TMC गुट ने रविवार को नंदीग्राम से संचित प्रधानी डे को उम्मीदवार बनाया था। वहीं रेजीनगर सीट से पूर्व विधायक रबीउल आलम चौधरी को टिकट दिया गया।इस तरह दोनों सीटों पर पहली बार TMC के दोनों गुटों के उम्मीदवार सीधे आमने-सामने होंगे।
ममता के नंदीग्राम से नहीं लड़ने से बदला समीकरण
TMC के बागी गुट ने पहले संकेत दिया था कि यदि ममता बनर्जी खुद नंदीग्राम से चुनाव लड़ती हैं, तो वह इस सीट पर प्रत्याशी नहीं उतारेगा। लेकिन ममता बनर्जी के नंदीग्राम से चुनाव नहीं लड़ने के फैसले के बाद बागी गुट ने अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया।
2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में TMC की हार के बाद पार्टी में हुए विभाजन के बाद रेजीनगर और नंदीग्राम का यह चुनाव बागी गुट के लिए पहला बड़ा चुनावी इम्तिहान माना जा रहा है।




