CG Politics: PM आवास पर भूपेश बघेल और विजय शर्मा में भिड़ंत, डिबेट के बाद सोशल मीडिया पर पोस्टर वार; ‘छोटा रिचार्ज’ पर BJP का पलटवार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर शुरू हुई सियासी तकरार अब सोशल मीडिया तक पहुंच गई है। रायपुर प्रेस क्लब में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के बीच हुई खुली बहस में आंकड़ों को लेकर दोनों नेताओं के बीच तीखे सवाल-जवाब हुए। डिबेट खत्म होते ही भाजपा और कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
भूपेश बघेल का तंज- ‘अगली बार किसी समझदार को भेजना’
डिबेट के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक्स पर पोस्ट कर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “अगली बार किसी समझदार को भेजना। ‘छोटा रिचार्ज’ रील के लिए ही ठीक है।”
भूपेश बघेल के इस बयान के बाद सियासी माहौल और गरमा गया और भाजपा ने भी पोस्टर के जरिए कांग्रेस पर पलटवार किया।
BJP ने जारी किए पोस्टर, लिखा- ‘भ्रम का गुब्बारा फूटा’
भाजपा ने सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी करते हुए लिखा, “हवाबाजी का हुआ बंटाधार, भ्रम का गुब्बारा फूटा सही आंकड़ों के साथ।”
इसके बाद पार्टी की ओर से एक और पोस्टर जारी किया गया। इसमें लिखा था, “तुम्हारी इनकमिंग भी जनता ने बंद कर दी है मिस्टर एटीएम, अगली बार राहुल गांधी को भेजना।”

PM आवास के आंकड़ों पर हुई बहस
रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित ओपन डिबेट का मुख्य मुद्दा प्रधानमंत्री आवास योजना रहा। दोनों नेताओं ने योजना के क्रियान्वयन और लाभार्थियों से जुड़े आंकड़ों को लेकर अपना-अपना पक्ष रखा। बहस के दौरान एक-दूसरे के दावों पर सवाल उठाए गए और आंकड़ों को लेकर तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।
चुनौती स्वीकार करने के बाद तय हुई थी डिबेट

दरअसल, प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर भूपेश बघेल और विजय शर्मा के बीच पहले से राजनीतिक बयानबाजी चल रही थी। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को खुली बहस की चुनौती दी थी। इसके बाद दोनों पक्षों ने चुनौती स्वीकार की और रायपुर प्रेस क्लब में आमने-सामने बहस का कार्यक्रम तय हुआ।अब डिबेट के बाद सोशल मीडिया पर शुरू हुआ पोस्टर और बयानबाजी का दौर छत्तीसगढ़ की सियासत में नई बहस को जन्म दे रहा है।





