#राष्ट्रीय

BJP ने 4 राज्यों में बदले प्रदेश अध्यक्ष: दिल्ली की कमान हर्ष मल्होत्रा को, हरियाणा में पहली बार महिला प्रदेश अध्यक्ष बनीं अर्चना गुप्ता

Advertisement Carousel

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा में नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है। पार्टी नेतृत्व के इस फैसले को आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठन विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है।

दिल्ली भाजपा की कमान अब हर्ष मल्होत्रा को सौंपी गई है। हर्ष मल्होत्रा केंद्र सरकार में राज्यमंत्री भी हैं और सड़क परिवहन मंत्रालय में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

वहीं पंजाब भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों को बनाया गया है। त्रिपुरा में पार्टी ने अभिषेक देबरॉय को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।

हरियाणा BJP में इतिहास, पहली महिला प्रदेश अध्यक्ष बनीं अर्चना गुप्ता

हरियाणा भाजपा की कमान डा. अर्चना गुप्ता को सौंपी गई है। उन्होंने मोहन लाल बडौली की जगह ली है। यह हरियाणा भाजपा के इतिहास में पहली बार है, जब किसी महिला को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।

पानीपत की रहने वाली डॉ. अर्चना गुप्ता पेशे से रेडियोलॉजिस्ट हैं और इससे पहले भाजपा संगठन में प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। पार्टी नेतृत्व ने महिला नेतृत्व और संगठनात्मक अनुभव पर भरोसा जताते हुए उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।