#प्रदेश

पंडवानी की स्वर सम्राज्ञी तीजन बाई अस्पताल में भर्ती, फैंस कर रहे जल्द स्वस्थ होने की दुआ

Advertisement Carousel

 

दुर्ग। छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध पंडवानी लोक गायिका और पद्मविभूषण सम्मान से अलंकृत डॉ. तीजन बाई की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया है। शुरुआत में उन्हें ट्रॉमा एवं इमरजेंसी विभाग में लाया गया, जिसके बाद हालत को देखते हुए मेडिकल इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) में शिफ्ट किया गया।

तीजन बाई की बहू वेणु देशमुख ने बताया कि रात करीब 11 बजे उन्हें आईसीयू में स्थानांतरित किया गया। डॉक्टरों की जांच और मेडिकल रिपोर्ट में सामने आया कि उनके फेफड़ों में पानी भर गया है और उन्हें निमोनिया की शिकायत भी है। इसके साथ ही उनका ब्लड प्रेशर काफी लो बताया गया है।

हालांकि परिवार ने राहत की खबर देते हुए बताया कि समय रहते एम्बुलेंस से एम्स पहुंचाने और तत्काल इलाज शुरू होने के बाद अब उनकी हालत पहले से बेहतर है और वे खतरे से बाहर हैं।

फिलहाल डॉक्टरों की विशेष टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। वहीं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए प्रदेशभर से प्रशंसक और शुभचिंतक दुआएं कर रहे हैं।