इबोला का खतरा बढ़ा: रायपुर एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट, यात्रियों की हो रही सख्त जांच

रायपुर। दुनिया के कई देशों में इबोला वायरस को लेकर बढ़ती चिंता के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष जांच व्यवस्था लागू की गई है। यहां आने वाले बाहरी राज्यों और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की स्क्रीनिंग की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एयरपोर्ट पर यात्रियों की थर्मल स्कैनिंग के साथ उनकी ट्रैवल हिस्ट्री की भी जांच की जा रही है। किसी भी संदिग्ध स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम को अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल राज्य या देश में इबोला संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने जारी किए निर्देश
रायपुर एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य जांच को अनिवार्य बनाया गया है। विभाग की ओर से एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति भी की गई है, जो पूरे इंतजामों की निगरानी करेगा। यदि किसी यात्री में इबोला जैसे लक्षण पाए जाते हैं, तो उसे तुरंत आइसोलेशन में रखकर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
WHO के अलर्ट के बाद बढ़ी निगरानी
अफ्रीकी देशों कांगो और युगांडा में इबोला संक्रमण के मामलों को देखते हुए World Health Organization ने वैश्विक स्वास्थ्य आपात स्थिति को लेकर चेतावनी जारी की है। इसके बाद भारत समेत कई देशों ने एयरपोर्ट और सीमावर्ती इलाकों में निगरानी तेज कर दी है।
केंद्र सरकार भी सतर्क
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा है कि देश में फिलहाल इबोला का कोई केस नहीं मिला है, लेकिन सभी जरूरी एहतियाती इंतजाम किए जा रहे हैं। एयरपोर्ट, बंदरगाह और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में स्क्रीनिंग और सर्विलांस बढ़ा दिया गया है।
क्या है इबोला वायरस?
इबोला वायरस रोग एक गंभीर वायरल बीमारी है, जो संक्रमित व्यक्ति या जानवर के संपर्क में आने से फैलती है। इसके लक्षणों में तेज बुखार, शरीर में दर्द, कमजोरी, उल्टी, दस्त और गंभीर मामलों में रक्तस्राव शामिल हैं। यह बीमारी तेजी से फैल सकती है, इसलिए समय रहते पहचान और उपचार बेहद जरूरी माना जाता है।





