#प्रदेश

पर्यटन के दम पर नई उड़ान भरेगा छत्तीसगढ़, 500 करोड़ निवेश की तैयारी : सीएम विष्णुदेव साय

Advertisement Carousel

रायपुर।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अब पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार की निवेश अनुकूल नीतियों और पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिए जाने के बाद प्रदेश में पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश की संभावनाएं लगातार मजबूत हो रही हैं। इसी क्रम में देश की प्रतिष्ठित इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड ने छत्तीसगढ़ में 500 करोड़ रुपये से अधिक निवेश करने की इच्छा जताई है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को अपने निवास कार्यालय में पर्यटन विकास, पर्यटक सुविधाओं के विस्तार और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश को लेकर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधियों सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सुंदरता, घने जंगलों, नदियों, जलप्रपातों और समृद्ध आदिवासी संस्कृति से भरपूर राज्य है। सरकार का उद्देश्य राज्य की वास्तविक सुंदरता और सांस्कृतिक समृद्धि को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।

उन्होंने कहा कि पर्यटन को उद्योग का दर्जा मिलने के बाद निवेशकों की रुचि तेजी से बढ़ी है। बेहतर होटल, परिवहन और आधुनिक सुविधाओं के विकास से छत्तीसगढ़ को देश का आकर्षक पर्यटन गंतव्य बनाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में निवेश से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

बैठक के दौरान इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने बताया कि कंपनी प्रदेश में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में 500 करोड़ रुपये से अधिक निवेश की योजना पर काम कर रही है। इससे राज्य में पर्यटन अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार ने निवेशकों के लिए सरल, पारदर्शी और समयबद्ध व्यवस्था तैयार की है। उद्योग विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि 500 करोड़ रुपये से अधिक निवेश या 1000 से अधिक लोगों को रोजगार देने वाले निवेशकों को ‘बी-स्पोक पॉलिसी’ के तहत विशेष प्रोत्साहन और अतिरिक्त सुविधाएं दी जाएंगी।

बैठक में पर्यटन अधोसंरचना, सड़क संपर्क, आवासीय सुविधाओं और पर्यटक सेवाओं को मजबूत बनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, वित्त सचिव डॉ. रोहित यादव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।