कोहली का विजयी छक्का और RCB का दूसरा ताज: अहमदाबाद में गूंजा ‘ई साला कूडो कप नामदे’

० विराट की नाबाद 75 रन की कप्तानी पारी, गुजरात को हराकर लगातार दूसरी बार IPL चैंपियन बनी RCB; वैभव सूर्यवंशी ने जीती ऑरेंज कैप
अहमदाबाद। एक छक्का… और फिर जश्न का ऐसा विस्फोट, जिसने करोड़ों आरसीबी प्रशंसकों के वर्षों के इंतजार को यादगार बना दिया। विराट कोहली ने अरशद खान के 18वें ओवर की आखिरी गेंद को लांगऑन के ऊपर से स्टैंड्स में पहुंचाकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को आईपीएल 2026 का चैंपियन बना दिया। जैसे ही गेंद सीमा रेखा के पार गई, नरेंद्र मोदी स्टेडियम खुशी के नारों से गूंज उठा।
विजयी शॉट के बाद विराट ने हेलमेट उतारकर आसमान की ओर हाथ उठाया और फिर डगआउट की तरफ इशारा किया। अगले ही पल साथी खिलाड़ी मैदान में दौड़ पड़े और कोहली को गले लगाकर जीत का जश्न मनाने लगे। स्टेडियम में मौजूद हजारों आरसीबी समर्थक “ई साला कूडो कप नामदे” के नारे लगाते नजर आए।
चेज मास्टर ने फिर दिखाई अपनी क्लास
156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को विराट कोहली ने अपने अनुभव और आक्रामक बल्लेबाजी से शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने 42 गेंदों में नाबाद 75 रन बनाकर टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया।
कोहली ने शुरुआत से ही गुजरात के गेंदबाजों पर दबाव बनाया। कैगिसो रबाडा के एक ओवर में लगातार चौके-छक्कों की बरसात कर उन्होंने मैच का रुख बदल दिया। वेंकटेश अय्यर के साथ उनकी 62 रन की तेज साझेदारी ने गुजरात की वापसी की उम्मीदों को शुरुआती झटका दे दिया।
हालांकि वेंकटेश अय्यर, देवदत्त पडिक्कल, कप्तान रजत पाटीदार और क्रुणाल पांड्या के विकेट जल्दी गिरने से एक समय स्कोर 91 रन पर चार विकेट हो गया था, लेकिन कोहली चट्टान की तरह डटे रहे और टीम को जीत दिलाकर ही लौटे।
गेंदबाजों ने रखी जीत की नींव
इससे पहले आरसीबी के गेंदबाजों ने गुजरात टाइटंस को 155 रन पर रोक दिया। भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और रासिख सलाम ने अनुशासित गेंदबाजी करते हुए गुजरात के मजबूत बल्लेबाजी क्रम को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
शुभमन गिल, साई सुदर्शन, जोस बटलर और अन्य बल्लेबाज बड़ी पारियां खेलने में नाकाम रहे। वाशिंगटन सुंदर के अलावा गुजरात का कोई बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं पहुंच सका।
कैलाश खेर ने बांधा समां
फाइनल मुकाबले के दौरान मशहूर गायक कैलाश खेर की प्रस्तुति ने दर्शकों का दिल जीत लिया। ‘बम लहरी’ सहित कई लोकप्रिय गीतों पर स्टेडियम झूम उठा। महादेव, त्रिशूल और ब्रह्मांड से जुड़े भव्य विजुअल्स ने माहौल को और भी आकर्षक बना दिया।

वैभव सूर्यवंशी बने सीजन के सबसे बड़े सितारे
राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में ऑरेंज कैप जीतकर इतिहास रच दिया। 15 वर्षीय बल्लेबाज टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे।
वैभव ने 16 मैचों में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की। इसके अलावा उन्होंने ‘मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर’, ‘इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन’, ‘सुपर सिक्सेस’, ‘सुपर स्ट्राइकर’ और ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ जैसे कई बड़े पुरस्कार भी जीते।
आईपीएल 2026 का फाइनल विराट कोहली की शानदार बल्लेबाजी, आरसीबी की टीम भावना और वैभव सूर्यवंशी के ऐतिहासिक प्रदर्शन के लिए लंबे समय तक याद रखा जाएगा।





