CG Railway News : रायपुर-कोरबा यात्रियों के लिए खुशखबरी, अब रोज दौड़ेगी हसदेव एक्सप्रेस

० रेलवे का बड़ा फैसला, 1 अगस्त से सप्ताह के सातों दिन मिलेगी ट्रेन सेवा; एलएचबी कोचों से सफर होगा अधिक सुरक्षित और आरामदायक
रायपुर। रायपुर और कोरबा के बीच सफर करने वाले हजारों रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। यात्रियों की बढ़ती संख्या और मांग को देखते हुए रेलवे ने हसदेव एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत वर्तमान में अलग-अलग दिनों में संचालित हो रही दो ट्रेनों को एकीकृत कर एक ही ट्रेन के रूप में रोजाना संचालित किया जाएगा।
रेलवे प्रशासन के अनुसार फिलहाल गाड़ी संख्या 18249/18250 रायपुर-कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस सप्ताह में चार दिन चलती है, जबकि 18251/18252 हसदेव एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन संचालित होती है। अब दोनों ट्रेनों को मिलाकर 1 अगस्त 2026 से गाड़ी संख्या 18249/18250 हसदेव एक्सप्रेस प्रतिदिन चलाई जाएगी।
सप्ताह के सातों दिन मिलेगा सफर का विकल्प
रेलवे के इस फैसले से यात्रियों को सप्ताह के किसी भी दिन रायपुर और कोरबा के बीच यात्रा करने की सुविधा मिलेगी। खासकर नौकरीपेशा, व्यवसायी, छात्र और नियमित यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
आधुनिक एलएचबी कोचों के साथ चलेगी ट्रेन
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन का संचालन 15 आधुनिक एलएचबी कोचों के साथ किया जाएगा। एलएचबी कोच बेहतर सुरक्षा, कम झटकों और अधिक आरामदायक यात्रा के लिए जाने जाते हैं। इससे यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक सफर का अनुभव मिलेगा।
इन शहरों के यात्रियों को होगा फायदा
हसदेव एक्सप्रेस के दैनिक संचालन से रायपुर, बिलासपुर, चांपा, कोरबा सहित मार्ग में पड़ने वाले अन्य स्टेशनों के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। रेलवे को उम्मीद है कि इस कदम से यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी और क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी।
रेलवे के इस निर्णय को रायपुर-कोरबा रूट के यात्रियों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है, जिससे अब सफर पहले से ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो जाएगा।





