दीपक टंडन की बढ़ीं मुश्किलें, पत्नी बरखा के साथ एक और FIR दर्ज; आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख ने की शिकायत

रायपुर। होटल कारोबारी और ‘द हनी बैजर न्यूज’ के संचालक दीपक टंडन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ रायपुर के तेलीबांधा थाने में एक और FIR दर्ज हुई है। आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। दोनों के खिलाफ संपत्ति पर जबरन कब्जा करने, अनधिकृत प्रवेश, अश्लील हरकत, सरकारी सील तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने समेत कई आरोपों में मामला दर्ज किया गया है। इधर, रायपुर पुलिस दीपक टंडन को ट्रांजिट रिमांड पर लेने की तैयारी में जुटी है।
तेलीबांधा थाने में दीपक टंडन और पत्नी के खिलाफ FIR
जानकारी के अनुसार, आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी ने दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में संपत्ति पर जबरन कब्जा करने, अनधिकृत रूप से प्रवेश करने, अश्लील हरकत करने, सरकारी सील तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप लगाए गए हैं।
शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 329(4), 331(2), 331(5), 351(2), 324(4), 126(2) और 3(5) के तहत FIR दर्ज की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
होटल और घर पर बिलासपुर पुलिस ने दी थी दबिश
इससे पहले 7 नवंबर को बिलासपुर क्राइम ब्रांच और सिरगिट्टी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रायपुर में दीपक टंडन के होटल और घर पर दबिश दी थी। पुलिस ने VIP रोड स्थित होटल वेलकम होटल इन और साईं नगर स्थित उसके आवास पर तलाशी अभियान चलाया था। इस दौरान होटल का DVR और उसकी पत्नी का मोबाइल फोन जब्त किया गया था।
दरअसल, दीपक टंडन पर AI तकनीक के जरिए तस्वीरों से छेड़छाड़ कर भ्रामक और आपत्तिजनक खबरें प्रकाशित करने, ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली करने के आरोप हैं। इस मामले में बिलासपुर के सिरगिट्टी थाने में FIR दर्ज की गई थी। जांच के बाद पुलिस ने उसे रायपुर के रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया था।
मोबाइल की जांच में मिले आपत्तिजनक फोटो-वीडियो
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान दीपक टंडन के पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए थे। इनकी जांच में न्यूज पोर्टल से संबंधित कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिलने की बात सामने आई थी। अब होटल के DVR और पत्नी के मोबाइल फोन की जब्ती को भी जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
DSP कल्पना वर्मा प्रकरण से भी जुड़ा रहा है नाम
गौरतलब है कि दीपक टंडन का नाम निलंबित DSP कल्पना वर्मा प्रकरण में भी सामने आया था। टंडन ने तत्कालीन दंतेवाड़ा में पदस्थ DSP कल्पना वर्मा पर रिश्वत, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी जैसे आरोप लगाए थे। उसने दावा किया था कि दोनों के बीच करीब चार साल तक प्रेम संबंध रहे और इस दौरान उससे करोड़ों रुपये, महंगी गाड़ी और कीमती गहने लिए गए।
इस संबंध में दीपक टंडन ने DGP और IG से शिकायत भी की थी। हालांकि, ये आरोप टंडन की ओर से लगाए गए थे। इन आरोपों को स्थापित तथ्य के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।




