Jashpur Crime: शराब के नशे में मां की पीट-पीटकर हत्या, बचाने आई बहन को भी नहीं छोड़ा; आरोपी बेटा गिरफ्तार

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। यहां शराब के नशे में एक बेटे ने अपनी ही मां की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। मां को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची बहन पर भी आरोपी ने लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
खाना नहीं मिलने पर मां से हुआ विवाद
पूरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान गढ़ाटोली निवासी वेनेदिक्ता कुजूर के रूप में हुई है। आरोपी रोशन मिंज शासकीय नवीन महाविद्यालय मनोरा में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है और हॉस्टल में रहता है।
जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर की रात आरोपी अपने दोस्तों के साथ शराब पीने के बाद घर पहुंचा था। घर पहुंचते ही उसने मां से खाना मांगा। खाना नहीं मिलने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया।
अधजले लकड़ी के डंडे से मां पर किया ताबड़तोड़ हमला
विवाद के दौरान आरोपी अपना आपा खो बैठा। उसने घर के चूल्हे के पास रखा अधजला लकड़ी का डंडा उठाया और मां वेनेदिक्ता कुजूर पर हमला कर दिया। आरोपी ने महिला के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार किए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
मां को बचाने आई बहन पर भी बरसाए डंडे
मां पर हमला होते देख घर में सो रही आरोपी की बहन बीच-बचाव करने पहुंची, लेकिन आरोपी ने उसे भी नहीं बख्शा। उसने बहन पर भी लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद वह अपने छोटे भाई के पास पहुंचा और खाना नहीं बचाने की बात को लेकर उसे भी धमकाया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होकर जुरगुम की ओर चला गया। घर में मौजूद बच्चों ने एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया, जहां उसका इलाज शुरू किया गया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम, पति की शिकायत पर FIR
घटना के अगले दिन यानी 8 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे मृतका के पति सुरेंद्र मिंज को एक परिचित ने घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह जिला अस्पताल पहुंचे। पत्नी से पूछताछ के दौरान उन्हें पूरी घटना का पता चला। इसी बीच वह अपनी बेटी की दवाई लेने घर चले गए।
जब वह वापस अस्पताल पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि पत्नी वेनेदिक्ता कुजूर की इलाज के दौरान मौत हो गई है। इसके बाद पति की शिकायत पर सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
24 घंटे के भीतर आरोपी बेटा गिरफ्तार
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज की और 9 नवंबर को आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने शराब पीकर घर आने और खाना नहीं मिलने की बात पर मां से विवाद होने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल अधजले लकड़ी के डंडे को गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर लिया है। घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। पोस्टमार्टम के बाद मृतका का शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
गंभीर अपराध करने वालों को नहीं बख्शा जाएगा: SSP
जशपुर एसएसपी लाल उमेद सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने अपराध दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।




