#प्रदेश

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी ठंड, अंबिकापुर में 11.4 डिग्री पहुंचा पारा; अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नवंबर के पहले पखवाड़े के साथ ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है। पोस्ट मानसून गतिविधियां थमने के बाद प्रदेश में ठंडक बढ़ रही है। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में करीब 1 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। वहीं अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं।

CG Weather Today: प्रदेश में बढ़ने लगी ठिठुरन

छत्तीसगढ़ के कई शहरों में सुबह और रात के समय ठंड का एहसास होने लगा है। सुबह धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवाएं चल रही हैं, जबकि रात में ठिठुरन बढ़ रही है। रायपुर, अंबिकापुर, राजनांदगांव और दुर्ग समेत कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर रहेगा।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए मौसम विभाग ने स्थानीय पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक, 10 नवंबर को आसमान साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

पिछले 24 घंटे में कहां कितना रहा तापमान?

मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के दौरान पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। तापमान की बात करें तो दुर्ग में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इससे एक दिन पहले यहां न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस था।

प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रही द्रोणिका

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश से ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड होते हुए उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश तक एक द्रोणिका बनी हुई है। यह समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है। हालांकि, इसके बावजूद प्रदेश में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है।