सुशासन तिहार बना जनता की उम्मीदों का आधार, विकास और जवाबदेही की नई मिसाल : अमित चिमनानी

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आयोजित सुशासन तिहार छत्तीसगढ़ में विकास, जनसरोकार और जनकल्याण का नया अध्याय लिख रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान शासन को जनता के द्वार तक पहुंचाने और आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।
चिमनानी ने हाल ही में जनता से दुर्व्यवहार के आरोप में अधिकारी रूपेश पांडे के निलंबन का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनता के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रदेश में सुशासन और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा आम नागरिकों के साथ अभद्र व्यवहार या मनमानी को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि तीन चरणों में संचालित सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करना, योजनाओं की जमीनी हकीकत का आकलन करना और प्रशासन में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित करना है। इस अभियान के जरिए लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर उनका समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है, जिससे जनता का सरकार पर विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सुशासन तिहार के सकारात्मक परिणाम समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहे हैं। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसी सोच के साथ सरकार काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि इस अभियान ने आम लोगों में यह भरोसा जगाया है कि उनकी समस्याओं को सुना भी जा रहा है और समाधान भी किया जा रहा है।
चिमनानी ने कहा कि जहां एक ओर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा के जनप्रतिनिधि 45 डिग्री की भीषण गर्मी में गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं, वहीं विपक्षी कांग्रेस इस अभियान को लेकर भ्रम फैलाने और जनहित के कार्यों में बाधा डालने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नहीं चाहती कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान हो और इसी कारण वह लगातार सुशासन तिहार के खिलाफ दुष्प्रचार कर रही है।
उन्होंने कहा कि जनता का उत्साह और बढ़ती भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि सुशासन तिहार केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनविश्वास और जनसेवा का अभियान बन चुका है, जो छत्तीसगढ़ के विकास को नई दिशा दे रहा है।





