#प्रदेश

कोंडागांव को 152 करोड़ की विकास सौगात, मुख्यमंत्री साय ने खोला विकास का खजाना

Advertisement Carousel

0 बड़े कनेरा से बस्तर के सुदूर गांवों तक पहुंचेगी विकास की रौशनी, 43 परियोजनाओं का लोकार्पण-भूमिपूजन

रायपुर/कोंडागांव। सुशासन तिहार के तहत कोंडागांव जिले के बड़े कनेरा में आयोजित समाधान शिविर विकास और जनभागीदारी का बड़ा मंच बनकर उभरा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने यहां 152 करोड़ 18 लाख रुपये से अधिक लागत के 43 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन कर जिले को ऐतिहासिक सौगात दी। भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों के उत्साह को देखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता का यह विश्वास ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार केवल योजनाओं की समीक्षा का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि सरकार गांव-गांव पहुंचकर यह सुनिश्चित कर रही है कि योजनाओं का लाभ वास्तव में अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है या नहीं।

43 विकास कार्यों से बदलेगी कोंडागांव की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने 96 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत के 14 विकास कार्यों का लोकार्पण और 55 करोड़ 88 लाख रुपये की लागत के 29 नए कार्यों का भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं में सड़क, पुल-पुलिया, सिंचाई, पर्यटन और सामाजिक अधोसंरचना से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

बड़े कनेरा को मिली कई बड़ी सौगातें

मुख्यमंत्री ने नारंगी नदी पर स्टॉप डेम सह पुलिया के जीर्णोद्धार के लिए 2 करोड़ रुपये की मंजूरी की घोषणा की। इसके अलावा केशकाल-बांसकोट-माकड़ी-एरला मार्ग के 53 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग के सुदृढ़ीकरण, बड़े कनेरा से बड़ेबेंद्री, बाईकापदर और चिपावंड तक 12 किलोमीटर सड़क निर्माण तथा बड़े कनेरा से नवागुड़ा तक 5 किलोमीटर सड़क निर्माण की घोषणा की।

क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बड़े कनेरा में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा। वहीं कोसारटेडा में पर्यटन विकास कार्य, विश्रामपुरी में गोंडवाना भवन और केशकाल में सर्व आदिवासी समाज भवन का निर्माण भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बड़े कनेरा के प्राचीन शिव मंदिर के जीर्णोद्धार की भी घोषणा की।

योजनाओं से बदल रही ग्रामीणों की जिंदगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े कनेरा अब जागरूकता और नवाचार का मॉडल बनकर उभरा है। प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम सूर्य घर योजना के लाभार्थियों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं। सोलर पैनल लगने से कई परिवारों का बिजली बिल शून्य हो गया है।

मोदी की गारंटी के वादे तेजी से पूरे

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए “मोदी की गारंटी” के अधिकांश वादे ढाई वर्ष के भीतर पूरे कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि 18 लाख गरीब परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं और राज्य में प्रतिदिन लगभग 1600 आवासों का निर्माण हो रहा है।

किसानों, महिलाओं और वनवासियों के लिए बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है और लंबित बोनस भी दिया गया है। महतारी वंदन योजना के तहत करीब 70 लाख महिलाओं को हर माह एक हजार रुपये की सहायता मिल रही है। वहीं तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए समर्थन मूल्य बढ़ाकर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा कर दिया गया है।

जून से शुरू होगी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जून माह से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू की जाएगी, जिसके माध्यम से लोग घर बैठे अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। प्रत्येक शिकायत के समाधान के लिए समय-सीमा तय होगी और उसका प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास और सुशासन का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और इसी उद्देश्य से शासन स्वयं जनता के द्वार तक पहुंच रहा है।