रायपुर कलेक्टोरेट में फांसी पर लटका मिला चौकीदार का शव, सुबह परिसर में मचा हड़कंप; कर्ज के दबाव की आशंका

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार सुबह कलेक्टोरेट परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सीढ़ियों के पास एक व्यक्ति का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। जांच में मृतक की पहचान कलेक्टोरेट में चौकीदार के पद पर कार्यरत दिनेश पटेल के रूप में हुई है।
20 लाख रुपये से अधिक कर्ज की चर्चा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दिनेश पटेल पर 20 लाख रुपये से अधिक का कर्ज होने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि कर्ज और लोन के दबाव के कारण वह परेशान थे। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है, इसलिए आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सिविल लाइन थाना प्रभारी यामन देवांगन के मुताबिक, शनिवार सुबह घटना की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान दिनेश कुमार पटेल (50 वर्ष), पिता प्रभु राम पटेल, निवासी श्री साईं नगर, बोरिया खुर्द, आरडीए कॉलोनी, थाना टिकरापारा के रूप में हुई है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में कर्ज और लोन से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा।




