#प्रदेश

सुशासन तिहार में फूटा जनता का गुस्सा: खाली मटकी फोड़कर महिलाओं ने जताया विरोध, कांग्रेस ने सरकार को घेरा

Advertisement Carousel

 

अभनपुर। गोबरा नवापारा नगर में पेयजल संकट समेत विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय महिलाओं ने सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान जोरदार प्रदर्शन किया। हरिहर स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं खाली मटकी और तख्तियां लेकर पहुंचीं तथा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नगर में अवैध रेत और खनिजों का परिवहन लगातार जारी है, जबकि अवैध शराब बिक्री पर भी प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। इसके अलावा पात्र हितग्राहियों को समय पर पेंशन नहीं मिलने, किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं होने और लगातार बिजली कटौती जैसी समस्याओं से लोग परेशान हैं।

पानी की समस्या पर महिलाओं का फूटा गुस्सा

पेयजल संकट से नाराज महिलाओं ने विरोध जताते हुए आयोजन स्थल पर खाली मटकियां पटककर फोड़ दीं। इस दौरान कुछ समय के लिए माहौल गर्मा गया। प्रदर्शनकारियों ने “भाजपा सरकार मुर्दाबाद”, “जनविरोधी नीतियां बंद करो” और “जनता को मूलभूत सुविधाएं दो” जैसे नारे लगाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार सुशासन के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत में लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

एसडीएम के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन

मौके पर पहुंचे एसडीएम अभनपुर ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनकी मांगों को सुना और संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।

प्रमुख मांगें:

० पेयजल संकट का तत्काल समाधान
० अवैध रेत एवं खनिज परिवहन पर रोक
० अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई
० पात्र हितग्राहियों को समय पर पेंशन
० किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराना
० बिजली कटौती की समस्या का समाधान

इस प्रदर्शन ने एक बार फिर नगर की मूलभूत समस्याओं और जनसुविधाओं को लेकर जनता की नाराजगी को उजागर कर दिया है।