#प्रदेश

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, दक्षिणी जिलों में 4 दिन बारिश-वज्रपात का अलर्ट; रायपुर में गर्मी बरकरार

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में नमी के असर से बारिश हो रही है, जबकि मध्य छत्तीसगढ़ में सुबह हल्की ठंडक के बाद दिन में गर्मी महसूस की जा रही है। राजधानी रायपुर में लगातार तीसरे दिन प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। शनिवार को यहां पारा 33.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

18 अक्टूबर को राजधानी रायपुर में आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। दोपहर या शाम के समय आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश और बिजली गिरने की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण छत्तीसगढ़ में नमी का प्रवेश जारी है। इसके प्रभाव से अगले चार दिनों तक प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। अगले तीन दिनों के दौरान भी प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है।

पत्थलगांव और कुनकुरी में 3 सेंटीमीटर बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पत्थलगांव और कुनकुरी में 3-3 सेंटीमीटर, जबकि भैरमगढ़ में 1 सेंटीमीटर बारिश हुई।

अगले दो दिनों तक बना रह सकता है बदला मौसम

प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों तक भी मौसम में इसी तरह का बदलाव बना रह सकता है। ऐसे में दक्षिणी जिलों में रहने वाले लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए।