#प्रदेश

कलेक्टर के लेटरहेड पर जारी हुए दो विवादित आदेश, DEO को नोटिस; ‘लिपिकीय त्रुटि’ पर उठे सवाल

Advertisement Carousel

 

बलरामपुर। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से कलेक्टर के लेटरहेड पर जारी दो अलग-अलग आदेशों के मामले ने तूल पकड़ लिया है। विवाद बढ़ने के बाद जिला प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) मनीराम यादव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने उनसे पूरे मामले में स्पष्टीकरण मांगा है।

मामला उस समय चर्चा में आया जब कलेक्टर कार्यालय के नाम से जारी दो अलग-अलग आदेश सामने आए। आदेशों की वैधता और प्रक्रिया को लेकर सवाल उठने लगे, जिसके बाद शिक्षा विभाग की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसे “लिपिकीय त्रुटि” बताया गया।

हालांकि विभाग की इस सफाई के बाद भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि किसी भी शासकीय आदेश को जारी करने से पहले वह कई स्तरों की जांच और अनुमोदन प्रक्रिया से गुजरता है। ऐसे में कलेक्टर के आधिकारिक लेटरहेड पर आदेश जारी होना और लंबे समय तक इस पर किसी अधिकारी का ध्यान न जाना विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

मीडिया में मामला आने के बाद हुई कार्रवाई

सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि कथित त्रुटि का खुलासा तब हुआ, जब मामला मीडिया की सुर्खियों में आया। इसके बाद ही विभाग की ओर से स्पष्टीकरण जारी किया गया और प्रशासन सक्रिय हुआ।

अब कलेक्टर द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी से जवाब तलब किए जाने के बाद पूरे मामले की जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं। यह भी देखा जाएगा कि आदेश जारी होने की प्रक्रिया में किस स्तर पर चूक हुई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।

फिलहाल प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और जिला शिक्षा अधिकारी से प्राप्त जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।