#crime #प्रदेश

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर दुर्ग के कारोबारी से 15 करोड़ की फिरौती, परिवार को हत्या की धमकी; पुलिस अलर्ट

Advertisement Carousel

दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर एक कारोबारी से 15 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात कॉलर ने कारोबारी को फोन कर रकम नहीं देने पर परिवार के एक सदस्य की हत्या करने की धमकी दी है। इस घटना के बाद कारोबारी और उनका परिवार दहशत में है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी है और धमकी देने वाले की तलाश शुरू कर दी है।

मामला दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, मेडिकल उपकरणों के सप्लायर, मोक्षित कॉर्पोरेशन के संचालक और दवा कारोबारी शशांक चोपड़ा को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और 15 करोड़ रुपये की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि रकम नहीं मिलने पर परिवार के किसी सदस्य को जान से मार दिया जाएगा।

धमकी के बाद कारोबारी के घर पुलिस का पहरा

अचानक मिली इस धमकी से कारोबारी परिवार में हड़कंप मच गया। कारोबारी ने बिना देरी किए दुर्ग कोतवाली थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कारोबारी और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि पिछले तीन दिनों से कारोबारी के घर के बाहर पुलिस बल तैनात है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों की जांच में जुटी पुलिस

दुर्ग के एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान के लिए पुलिस की टीम जांच कर रही है। जिस मोबाइल नंबर से कॉल आया था, उसकी कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।

पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि धमकी देने वाले व्यक्ति का वास्तव में किसी संगठित आपराधिक गिरोह से संबंध है या फिर गैंग के नाम का इस्तेमाल कर कारोबारी को डराने और फिरौती वसूलने की कोशिश की गई है।

फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। इस घटना के सामने आने के बाद दुर्ग के कारोबारी वर्ग में भी चिंता का माहौल है।