#प्रदेश

Bastar Vande Bharat Train: बस्तर में दौड़ सकती है वंदे भारत एक्सप्रेस, जगदलपुर में बनेगा कोचिंग और मेंटेनेंस डिपो

Advertisement Carousel

जगदलपुर: छत्तीसगढ़ के बस्तर की रेल कनेक्टिविटी को नई पहचान देने की तैयारी शुरू हो गई है। आने वाले दिनों में बस्तर को वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात मिल सकती है। इसके लिए रेलवे ने जगदलपुर में कोचिंग और मेंटेनेंस डिपो विकसित करने की योजना पर काम शुरू किया है। इस डिपो के बनने से आधुनिक ट्रेनों के संचालन और रखरखाव का रास्ता आसान हो सकता है।

ओडिशा रेल मंडल के डीआरएम अमिताभ सिंघल ने जगदलपुर दौरे के दौरान इस प्रस्ताव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जगदलपुर में कोचिंग डिपो स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसे जल्द ही मंजूरी के लिए रेलवे बोर्ड के पास भेजा जाएगा। हालांकि, वंदे भारत ट्रेन के संचालन को लेकर अभी अंतिम निर्णय और आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

जगदलपुर में बनेगा आधुनिक कोचिंग और मेंटेनेंस डिपो

रेलवे की इस पहल को बस्तर में रेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जगदलपुर में कोचिंग डिपो बनने से ट्रेनों की साफ-सफाई, तकनीकी जांच और रखरखाव की सुविधाएं विकसित होंगी। इससे भविष्य में वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों के परिचालन की संभावनाएं भी बढ़ सकती हैं।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे बस्तर के रेलवे स्टेशन

वंदे भारत की संभावनाओं के साथ ही रेलवे बस्तर के मौजूदा स्टेशनों को भी आधुनिक बनाने में जुटा है। बड़े आरापुर रेलवे स्टेशन के नए भवन का निर्माण जल्द पूरा करने की तैयारी है। वहीं, जगदलपुर रेलवे स्टेशन पर लगी लिफ्ट भी जल्द यात्रियों के लिए शुरू की जाएगी।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तैयार किए गए नए स्टेशन भवन के लोकार्पण की तैयारियां भी की जा रही हैं।

DRM ने कई स्टेशनों का किया निरीक्षण

विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने डीआरएम अमिताभ सिंघल ने दंतेवाड़ा, तोकापाल और बड़े आरापुर रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की स्थिति, यात्री सुविधाओं और स्टेशन के आधुनिकीकरण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की।

डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर यात्री सुविधाएं शुरू करने के निर्देश दिए।

बस्तर में कोचिंग डिपो का प्रस्ताव और रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण की पहल से क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को आने वाले समय में नई दिशा मिलने की उम्मीद है।