#प्रदेश

NEET UG 2026 री-एग्जाम की तैयारियां तेज, मुख्य सचिव ने कलेक्टरों को दिए सख्त निर्देश

Advertisement Carousel

 

रायपुर। आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली NEET UG 2026 पुनः परीक्षा को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में परीक्षा के सुचारु और सुरक्षित संचालन को लेकर जिला प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में मुख्य सचिव ने सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण करने तथा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) और केंद्र सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

योग दिवस के बीच होगी परीक्षा, व्यवस्था पर विशेष जोर

मुख्य सचिव ने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भी है। ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाए कि योग दिवस से जुड़ी गतिविधियों का परीक्षा संचालन पर कोई असर न पड़े। परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने और लौटने की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को परीक्षा को लेकर तनावमुक्त रखने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की संयुक्त टीम द्वारा काउंसलिंग कराई जाए, ताकि बच्चे बिना किसी भय और दबाव के परीक्षा दे सकें।

20 जून को होगी मॉक ड्रिल

मुख्य सचिव ने परीक्षा से एक दिन पहले 20 जून को सभी व्यवस्थाओं की मॉक ड्रिल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, कानून-व्यवस्था और प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई सहित सभी व्यवस्थाओं का पूर्व परीक्षण किया जाए।

परीक्षा के प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट भारतीय वायुसेना के माध्यम से विभिन्न जिलों तक पहुंचाए जाएंगे। इनके सुरक्षित भंडारण और निगरानी के लिए जिला प्रशासन को विशेष तैयारी करने को कहा गया है। साथ ही प्रत्येक जिले में कंट्रोल रूम स्थापित कर परीक्षा दिवस पर उसे सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए।

19 शहरों में बनाए गए 127 परीक्षा केंद्र

बैठक में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ में NEET UG 2026 री-एग्जाम का आयोजन 19 शहरों में किया जाएगा। इसके लिए कुल 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

उन्होंने जिला प्रशासन से परीक्षा के सफल संचालन के लिए आपसी समन्वय और सहयोग बनाए रखने की अपील की।

बैठक में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के सचिव बसवराजु एस., राज्य नोडल अधिकारी पीयूष शुक्ला, पुलिस विभाग, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं प्रदेश के कई जिलों के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शामिल हुए।