विधायक-नायब तहसीलदार विवाद के बाद बड़ा प्रशासनिक एक्शन, तुषार मानिक कलेक्टोरेट अटैच

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर में विधायक और उनके समर्थकों के साथ हुए विवाद के बाद प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। विवादों में घिरे राजापुर के नायब तहसीलदार तुषार मानिक को उनके पद से हटाकर जिला कार्यालय (कलेक्टोरेट) अंबिकापुर में अटैच कर दिया गया है।
कलेक्टर अंबिकापुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार तुषार मानिक को तत्काल प्रभाव से कलेक्टोरेट में अपनी सेवाएं देने के निर्देश दिए गए हैं। यह फैसला हाल ही में सामने आए विवाद और उसके बाद बने हालात के बीच लिया गया है।
राजापुर का प्रभार मैनपाट तहसीलदार को
राजापुर उप तहसील का कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए मैनपाट के तहसीलदार उमेश्वर बाज को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। हालांकि प्रशासनिक आदेश में स्पष्ट किया गया है कि तुषार मानिक के वेतन एवं अन्य भत्तों का भुगतान पूर्ववत जारी रहेगा।
मारपीट मामले के बाद बढ़ा था विवाद
गौरतलब है कि सीतापुर में विधायक और नायब तहसीलदार के बीच हुए विवाद ने राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में काफी चर्चा बटोरी थी। घटना के बाद दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने काउंटर एफआईआर दर्ज की थी।
पुलिस ने विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया है, जबकि नायब तहसीलदार तुषार मानिक के खिलाफ जमानती धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
मामले पर बनी हुई है नजर
प्रशासनिक तबादले को इस पूरे विवाद के बाद उठाए गए महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया अभी जारी है, जिस पर सभी की नजर बनी हुई है।





