मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के Instagram पर आपत्तिजनक टिप्पणी, आरोपी गिरफ्तार; न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

आरंग। कैबिनेट मंत्री एवं सतनामी समाज के धर्मगुरु गुरु खुशवंत साहेब के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कांवड़ यात्रा के पोस्ट पर की गई थी आपत्तिजनक टिप्पणी
मामला मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल @gurukhuswant से जुड़ा है। उनके अकाउंट पर चंदखुरी से आरंग तक निकाली गई 71 किलोमीटर लंबी कांवड़ यात्रा से संबंधित एक पोस्ट अपलोड किया गया था।
इसी पोस्ट के कमेंट सेक्शन में jai_praksh_official_ नामक इंस्टाग्राम आईडी से मंत्री और सतनामी समाज के खिलाफ कथित तौर पर अशोभनीय, अमर्यादित और अपमानजनक टिप्पणियां की गई थीं।
सामाजिक कार्यकर्ता ने दर्ज कराई थी शिकायत
घटना के बाद सामाजिक कार्यकर्ता ओम प्रकाश बघेल ने सिविल लाइन रायपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियों से मंत्री की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचने के साथ ही सतनामी समाज और सर्वसमाज की भावनाएं आहत हुई हैं।
BNS की धाराओं में दर्ज हुआ था केस
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन थाना रायपुर में 17 अगस्त को भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 296, 196 और 353(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक धीरेंद्र बंजारे कर रहे थे।
पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।




