विश्व पर्यावरण दिवस पर SECL का हरित संकल्प, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधरोपण

बिलासपुर। दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) मुख्यालय में शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस उत्साह, जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति SECL की प्रतिबद्धता को विभिन्न गतिविधियों के जरिए प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ SECL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने पर्यावरण ध्वज फहराकर किया। इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र, श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा शशि दुहन सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और महिला मंडल की सदस्याएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण से हुई। नेहरू शताब्दी नगर कॉलोनी में फलदार और औषधीय पौधे लगाए गए। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने हरित और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में SECL की वार्षिक पर्यावरण पत्रिका “पर्यावरण दर्पण” का विमोचन किया गया। साथ ही कंपनी की पर्यावरणीय पहलों, हरित परियोजनाओं और सतत खनन गतिविधियों पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
अपने संबोधन में हरीश दुहन ने कहा कि SECL देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ पर्यावरणीय दायित्वों के निर्वहन के लिए भी समान रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से पर्यावरण संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने उपस्थितजनों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। शपथ के माध्यम से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, जल बचत, वृक्षारोपण और पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया गया।
निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र ने कहा कि औद्योगिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि SECL पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप जिम्मेदार और सतत खनन के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में डीएवी विद्यालय के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन पर आधारित स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं कुसमुंडा और हसदेव क्षेत्र की टीमों ने पर्यावरण संरक्षण के संदेश पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को जागरूक किया।
महाप्रबंधक (पर्यावरण) बी. राणा प्रताप ने स्वागत भाषण में विश्व पर्यावरण दिवस की थीम और SECL द्वारा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान कोल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष का विश्व पर्यावरण दिवस संदेश भी पढ़कर सुनाया गया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यालय स्तर पर आयोजित निबंध, चित्रकला, तत्क्षण भाषण प्रतियोगिता और कवि सम्मेलन के विजेताओं एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन शेख जाकिर हुसैन ने किया, जबकि डॉ. एम.एस. प्रियंका ने आभार प्रदर्शन किया।





