महंगाई का एक और झटका: रसोई गैस सिलेंडर 1000 के पार, अब 1013 रुपए में मिलेगा LPG

रायपुर। महंगाई की मार झेल रहे आम उपभोक्ताओं को एक और बड़ा झटका लगा है। राजधानी रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर के दामों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई कीमतें लागू होने के बाद 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू गैस सिलेंडर अब 1,013 रुपये में मिलेगा, जबकि पहले इसकी कीमत 984 रुपये थी।
गौरतलब है कि बीते तीन महीनों में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में यह दूसरी बड़ी बढ़ोतरी है। इससे पहले 7 मार्च को सिलेंडर के दामों में 60 रुपये का इजाफा किया गया था। इस तरह महज तीन महीने के भीतर घरेलू गैस सिलेंडर 89 रुपये महंगा हो चुका है।
तेल विपणन कंपनियों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा उत्पादों की बढ़ती कीमतों और घरेलू बिक्री में हो रहे नुकसान की आंशिक भरपाई के लिए गैस दरों में वृद्धि की गई है। हालांकि इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा।
पेट्रोल, डीजल और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के बढ़ते दामों के बीच एलपीजी सिलेंडर का मूल्य 1000 रुपये के पार पहुंचना मध्यमवर्गीय और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए चिंता का विषय बन गया है। घरेलू बजट पर इसका अतिरिक्त बोझ पड़ना तय माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि पिछले एक महीने के दौरान पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी चार बार बढ़ोतरी हो चुकी है। रायपुर में पेट्रोल की कीमत 110 रुपये प्रति लीटर के करीब पहुंच गई है। ऐसे में लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं।





