#crime #प्रदेश

गांजा तस्कर को पकड़ने गई छत्तीसगढ़ पुलिस पर हमला: ‘चोर-चोर’ का शोर मचाकर ग्रामीणों ने घेरा, जवान गंभीर रूप से घायल

Advertisement Carousel

 

रायपुर। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में गांजा तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची छत्तीसगढ़ पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। देर रात हुई इस घटना में रायपुर पुलिस का एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी अभियान बीच में रोकना पड़ा। मामले में पुलिस ने 3 नामजद समेत करीब 50 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

जानकारी के अनुसार रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में दर्ज गांजा तस्करी के एक मामले में विशेष न्यायालय द्वारा आरोपी शिवम केशरवानी और आकाश उर्फ मास्टर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। वारंट की तामील के लिए रायपुर पुलिस की पांच सदस्यीय टीम उत्तर प्रदेश के कौशांबी पहुंची थी।

पुलिस टीम ने पहले आरोपी आकाश उर्फ मास्टर को सिराथू क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद टीम दूसरे आरोपी शिवम केशरवानी की तलाश में इचौली गांव पहुंची। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी के परिजनों और समर्थकों ने पुलिस को देखकर “चोर-चोर” का शोर मचा दिया।

अफवाह फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और पुलिस टीम को घेर लिया। आरोप है कि ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस हमले में कांस्टेबल जगदेव प्रसाद वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही कौशांबी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले में विजय केसरवानी, संदीप मिश्रा और शिवराज सहित कई लोगों को नामजद करते हुए करीब 50 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी शिवम केशरवानी समेत अन्य हमलावरों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं घायल पुलिसकर्मी की हालत पर भी नजर रखी जा रही है।

इस घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस दल पर हमले को गंभीर अपराध बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।