#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में गर्मी का सितम जारी: 42 डिग्री के पार पहुंचा पारा, 12 जून के बाद बारिश बढ़ने के आसार

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक का इंतजार अभी जारी है। प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने के बावजूद रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव समेत अधिकांश जिलों में भीषण गर्मी और उमस से लोगों का हाल बेहाल है। दिन में तेज धूप और रात में गर्म हवाओं के कारण लोगों को राहत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग ने 12 जून के बाद बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव दर्ज नहीं किया गया। रविवार को रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हालांकि प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश भी हुई। कुसमी में 7 सेंटीमीटर, कापू में 3 सेंटीमीटर तथा बलरामपुर, कांसाबेल और पोड़ी उपरोड़ा में 1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

3 से 4 दिनों में छत्तीसगढ़ पहुंच सकता है मानसून

मौसम विज्ञानी एच. पी. चंद्रा ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और अरुणाचल प्रदेश के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है। मौसमीय परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं, जिसके चलते अगले तीन से चार दिनों में मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के शेष हिस्सों के साथ छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ क्षेत्रों में भी प्रवेश कर सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। कुछ इलाकों में अंधड़ और वज्रपात की भी संभावना है। हालांकि फिलहाल तापमान में बड़ी गिरावट के संकेत नहीं हैं।

रायपुर में आज ऐसा रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में सुबह से बादलों की आवाजाही बनी हुई है। मौसम विभाग ने दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान
रायपुर – 42.2°C
बालोद – 41.7°C
बेमेतरा – 41.5°C
कवर्धा – 41.5°C
दुर्ग – 41.2°C
बिलासपुर – 41.0°C
राजनांदगांव – 40.9°C
जगदलपुर – 38.4°C
अंबिकापुर – 36.6°C

मौसम विभाग का कहना है कि 12 जून के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।