टाइगर रिजर्व में हाथी का कहर, दो श्रमिकों को कुचलकर मार डाला,इलाके में दहशत का माहौल

० सड़क निर्माण कार्य के दौरान देर रात हुआ हमला
मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ जिले से सटे गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक जंगली हाथी ने सड़क निर्माण कार्य में लगे दो श्रमिकों पर हमला कर उन्हें कुचल दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, टाइगर रिजर्व क्षेत्र के देवसील गांव की आगे बस्ती में सड़क निर्माण का कार्य चल रहा था। निर्माण स्थल पर जेसीबी मशीनों के साथ कई श्रमिक काम कर रहे थे। देर रात काम खत्म होने के बाद श्रमिक खाना खाकर आग के पास आराम कर रहे थे।
इसी दौरान अचानक एक विशालकाय हाथी वहां पहुंच गया और श्रमिकों पर हमला कर दिया। हाथी के हमले में 22 वर्षीय गौरव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अमर सिंह (35) ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
वन विभाग और टाइगर रिजर्व की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के कर्मचारी और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
क्षेत्र में बढ़ा खौफ
हाथी के हमले के बाद आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी की निगरानी बढ़ाने और श्रमिकों व ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।वन विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा है और हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।





