#प्रदेश

खनिज माफियाओं पर बड़ा प्रहार: कोयला-रेत के अवैध कारोबार में 8 वाहन जब्त, कई पर केस दर्ज

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सूरजपुर जिले में खनिज विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में कोयला और रेत के अवैध परिवहन में लगे 8 वाहनों को जब्त किया गया है। साथ ही कई वाहन मालिकों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के संकल्प के अनुरूप जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर रेना जमील के निर्देश पर खनिज विभाग और जिला स्तरीय टास्क फोर्स ने व्यापक जांच अभियान चलाया।

बेलटिकरी में 5 टन अवैध कोयला जब्त

07 जून को तहसील सूरजपुर के पचिरा-मानी चौक मार्ग पर चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान ग्राम बेलटिकरी के पास अवैध रूप से कोयला परिवहन करते हुए 6 मोटरसाइकिलों को पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान करीब 5 टन कोयला जब्त किया गया, जिसे सुरक्षार्थ सूरजपुर थाने में रखा गया है।

रेत के अवैध कारोबार पर भी कार्रवाई

खनिज विभाग ने ग्राम राजापुर, हर्राटिकरा और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ भी कार्रवाई की। जांच में 3 टिपर वाहनों के मालिकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए।

इसके बाद 08 जून को राजापुर रेत खदान क्षेत्र के औचक निरीक्षण के दौरान अवैध रेत परिवहन में लगे 2 और टिपरों को जब्त किया गया। जब्त वाहन और खनिज सामग्री को जयनगर थाना के सुपुर्द कर दिया गया है।

अवैध कारोबारियों को प्रशासन की चेतावनी

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और राजस्व क्षति रोकने के लिए नियमित निरीक्षण और सघन जांच की जा रही है।

अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अवैध खनिज गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।