Big News : मनरेगा कार्यस्थल पर गिरी आकाशीय बिजली, उपसरपंच समेत 2 मजदूरों की मौत, 5 घायल

भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के अंतागढ़ थाना क्षेत्र के कलगांव में गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। मनरेगा के तहत तालाब निर्माण कार्य में लगे मजदूरों पर आकाशीय बिजली गिरने से उपसरपंच समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, गांव में मनरेगा योजना के तहत तालाब निर्माण का कार्य चल रहा था, जहां करीब 50 मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए कई मजदूर पास के एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी अचानक आकाशीय बिजली पेड़ पर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से उपसरपंच धनराज पटेल और एक अन्य मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।
तीन महिलाओं समेत 5 मजदूर घायल
हादसे में तीन महिलाओं और दो पुरुषों समेत कुल पांच मजदूर घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल अंतागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। कलेक्टर निलेश महादेव क्षीरसागर ने बताया कि घायलों के समुचित उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई है। साथ ही चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।




