CG Crime : रायगढ़ में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, पुलिस की रेड में 4 महिलाएं समेत 6 लोग गिरफ्तार

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के अतरमुड़ा इलाके में एक मकान पर देर रात छापेमारी कर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने चार महिलाओं समेत छह लोगों को हिरासत में लिया।
पुलिस को लंबे समय से मकान में अवैध गतिविधियां संचालित होने की शिकायत मिल रही थी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद रायगढ़ एसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर सीएसपी, साइबर सेल और चक्रधर नगर थाना पुलिस की टीम ने गुरुवार रात संयुक्त कार्रवाई की।
अचानक हुई छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान मकान से चार महिलाओं सहित छह लोगों को पकड़ा गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस गतिविधि से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।




