#प्रदेश

केशकाल घाट में ऑक्सीजन सिलेंडरों से भरा वाहन पलटा, गैस रिसाव से मचा हड़कंप; बड़ी दुर्घटना टली

Advertisement Carousel

 

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले स्थित संवेदनशील केशकाल घाट में सोमवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ऑक्सीजन सिलेंडरों से भरा एक वाहन ब्रेक फेल होने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके चलते सिलेंडरों से गैस का रिसाव शुरू हो गया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई और चालक की सूझबूझ से स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदा वाहन जगदलपुर से ओडिशा के झालागुड़ा की ओर जा रहा था। सुबह करीब पांच बजे केशकाल घाट के दूसरे मोड़ पर वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह वाहन का ब्रेक फेल होना बताई जा रही है।

वाहन पलटते ही उसमें रखे सिलेंडरों से ऑक्सीजन का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों की आवाजाही रोक दी।

हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं। चालक ने बताया कि घटना के समय घाट मार्ग पर यातायात कम था, अन्यथा हादसा और भी गंभीर रूप ले सकता था।

पुलिस ने एहतियात के तौर पर लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी है। वहीं प्रशासन द्वारा वाहन को हटाने और मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित बनाने की कार्रवाई जारी है। मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।