#प्रदेश

रिश्वतखोर बैंक मैनेजर पर गिरी गाज: 10 हजार की मांग के आरोप में शाखा प्रबंधक निलंबित

Advertisement Carousel

 

रायपुर। मृतक खातेदार की जमा राशि जारी करने के बदले कथित तौर पर 10 हजार रुपये रिश्वत मांगना जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की एक शाखा प्रबंधक को भारी पड़ गया। शिकायत की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद बैंक प्रबंधन ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए प्रभारी शाखा प्रबंधक को निलंबित कर दिया है।

मामला बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की निपानिया शाखा का है। जानकारी के अनुसार, मृतक खातेदार के नामिनी ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया था कि खाते में जमा राशि का भुगतान करने के एवज में शाखा प्रबंधक अनिता पाण्डेय ने 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।

शिकायत मिलने के बाद मामले की प्रारंभिक जांच नोडल अधिकारी के माध्यम से कराई गई। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर बैंक कर्मचारी सेवा नियमों के तहत अनिता पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नोडल कार्यालय महासमुंद से संबद्ध किया गया है।

बैंक प्रबंधन का कहना है कि भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के मामलों में शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जा रही है तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।