#प्रदेश

री-नीट परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

Advertisement Carousel

 

रायपुर। 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) 2026 पुनः परीक्षा के सुचारु और सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कलेक्टर गौरव सिंह ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरे किए जाएं।

बारिश को देखते हुए विशेष तैयारी

संभावित बारिश को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग शेड या छायादार स्थान पर की जाए, ताकि उन्हें बारिश या धूप से परेशानी न हो। साथ ही परीक्षा केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध कराई जाएं।

ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर रहेगा प्रतिबंध

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों को सुगम और व्यवस्थित रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।

रायपुर में बनाए गए 25 परीक्षा केंद्र

री-नीट परीक्षा के लिए रायपुर जिले में कुल 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

निरीक्षण के दौरान रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता सिन्हा , जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन सहित पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।