#प्रदेश

Accident Breaking : मुंडन संस्कार से लौट रहे परिवार पर टूटा कहर, 500 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो; 7 की मौत

Advertisement Carousel

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। चंबा-मसरूंड मार्ग पर छतरूंड के समीप एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि वाहन में सवार सभी सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, बोलेरो में ग्राम महल पंचायत के सपरोठ गांव के छह लोग और चालक सवार थे। सभी काकड़ोथा गांव में आयोजित एक मुंडन संस्कार में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान छतरूंड के पास वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव दल ने कठिन परिस्थितियों में अभियान चलाकर खाई से सभी शवों को बाहर निकाला। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस और प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन की रफ्तार, सड़क की स्थिति और तकनीकी खराबी समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।इस दर्दनाक हादसे के बाद सपरोठ गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। एक ही हादसे में सात लोगों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।