#crime #प्रदेश

जांजगीर-चांपा में दिनदहाड़े बड़ी लूट, महिला को बंधक बनाकर 10 लाख के जेवर लूटे; SP ने बनाई 8 सदस्यीय टीम

Advertisement Carousel

जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में दिनदहाड़े घर में घुसकर महिला से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लूटने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दो नकाबपोश बदमाशों ने घर में अकेली महिला को निशाना बनाया और मारपीट कर अलमारी में रखे करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 8 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने आठ सदस्यीय विशेष जांच टीम गठित की है।

छत पर आहट सुनकर बाहर निकली महिला, सामने दिखे दो नकाबपोश

घटना अमरैया पारा वार्ड नंबर 23 की है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे महिला अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान उसे छत पर किसी के होने की आहट सुनाई दी। जब वह बाहर निकली तो गमछे से चेहरा ढके दो युवक दिखाई दिए।

आरोप है कि दोनों बदमाश जबरदस्ती महिला को कमरे के अंदर ले गए और अलमारी की चाबी मांगने लगे। महिला के पास चाबी नहीं होने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की।

10 लाख के जेवर और 8 हजार रुपये लेकर साइकिल से फरार

बदमाशों ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात समेट लिए। लूटे गए सामान की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा आरोपी घर से 8 हजार रुपये नकद भी ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश साइकिल से मौके से फरार हो गए।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।

SP ने गठित की 8 सदस्यीय जांच टीम, इन अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के नेतृत्व में आठ सदस्यीय जांच टीम गठित की है। टीम को जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

जांच टीम में शामिल अधिकारी:

  1. नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर योगिताबाली खापर्डे

  2. उप पुलिस अधीक्षक अजाक सतरूपा तारम

  3. जांजगीर थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता

  4. नैला चौकी प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र वैष्णव

  5. चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश सेंडे

  6. बलौदा थाना प्रभारी मनोहर लाल सिन्हा

  7. साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा

  8. पुलिस सहायता केंद्र करही के सहायक उपनिरीक्षक रामप्रसाद बघेल

फिलहाल पुलिस की विशेष टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।