#प्रदेश

NEET UG 2026 अभ्यर्थियों के लिए राहत: सिम्स ने शुरू की 24×7 मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन

Advertisement Carousel

 

रायपुर। नीट यूजी 2026 के परिणाम और प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों पर बढ़ रहे मानसिक दबाव को देखते हुए छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर ने महत्वपूर्ण पहल की है। विद्यार्थियों को तनाव, चिंता और मानसिक परेशानियों से उबारने के लिए सिम्स ने 24×7 मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन सेवा शुरू की है।

चिकित्सा शिक्षा आयुक्त, छत्तीसगढ़ के निर्देश पर सिम्स के मनोरोग विभाग द्वारा यह विशेष हेल्पलाइन संचालित की जा रही है। इसके तहत विद्यार्थी परीक्षा परिणाम, काउंसिलिंग, प्रवेश प्रक्रिया और भविष्य को लेकर उत्पन्न तनाव या मानसिक उलझनों के संबंध में विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त कर सकेंगे।

सिम्स प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार मोबाइल नंबर 9425502353 को 18 जून 2026 से आगामी दो सप्ताह तक हेल्पलाइन नंबर के रूप में संचालित किया जाएगा। यह सेवा चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगी, ताकि जरूरत पड़ने पर विद्यार्थियों को तुरंत भावनात्मक और मनोवैज्ञानिक सहयोग मिल सके।

सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों का मानसिक स्वास्थ्य विशेष महत्व रखता है। सही समय पर मिला मार्गदर्शन और सकारात्मक संवाद उन्हें तनाव से बाहर निकालने में मदद करता है। उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

मनोरोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सुजीत नायक ने बताया कि परीक्षा परिणाम और प्रवेश प्रक्रिया के दौरान तनाव, चिंता, असफलता का डर और निराशा जैसी भावनाएं सामान्य हैं। हालांकि समय पर विशेषज्ञ परामर्श मिलने से इन समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है। हेल्पलाइन का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाना है।