खाद संकट पर किसानों का फूटा गुस्सा, सड़क पर उतरे किसान; पैलीमेटा में चक्काजाम

खैरागढ़। खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही खाद की किल्लत ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। यूरिया और डीएपी की कमी से नाराज किसानों ने ग्राम पैलीमेटा में सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि बुवाई के सबसे महत्वपूर्ण समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने से खेती-किसानी का काम प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शन में शामिल किसानों ने कहा कि खाद वितरण केंद्रों पर लगातार कमी बनी हुई है। कई दिनों से चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिल रही, जिससे खरीफ फसलों की बुवाई प्रभावित होने लगी है। किसानों ने प्रशासन से तत्काल खाद आपूर्ति बढ़ाने और वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग की।
जनप्रतिनिधियों ने भी दिया समर्थन
किसानों के आंदोलन का नेतृत्व जिला पंचायत सदस्य निर्मला विजय वर्मा, जिला महामंत्री लाल रोहित सिंह पुलस्त्य और जनपद सदस्य प्रेमलाल साहू ने किया। प्रदर्शन को समर्थन देने खैरागढ़ की विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा और पूर्व विधायक छन्नी साहू भी मौके पर पहुंचीं।
विधायक यशोदा वर्मा ने कहा कि किसानों को खेती के लिए आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध कराना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। खाद की कमी से किसानों की फसल और उत्पादन प्रभावित होगा, जिसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही खाद की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। किसानों का कहना है कि समय पर खाद नहीं मिलने का असर सीधे फसल उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।





