#crime #प्रदेश

4.56 करोड़ के गांजा तस्करी रैकेट का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, यूपी से दबोचा गया ‘पंडित जी’

Advertisement Carousel

 

पिथौरा। छत्तीसगढ़ में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 4.56 करोड़ रुपये के अंतरराज्यीय गांजा तस्करी सिंडिकेट के मुख्य सरगना विनय शर्मा उर्फ ‘पंडित जी’ को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी लंबे समय से ओडिशा से गांजा मंगवाकर विभिन्न राज्यों में सप्लाई करने के नेटवर्क का संचालन कर रहा था।

पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल को बसना थाना पुलिस ने पलसापाली बैरियर पर नाकाबंदी के दौरान एक आयशर मालवाहक वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली थी। जांच में कच्चे केलों के नीचे छिपाकर रखी गई 912.760 किलोग्राम अवैध गांजा की खेप बरामद हुई थी, जिसकी बाजार कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई। वाहन से चार फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गई थीं।

मोबाइल जांच से खुला तस्करी नेटवर्क का राज

मामले की जांच के दौरान पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ और मोबाइल फोन के तकनीकी विश्लेषण में सामने आया कि पूरे नेटवर्क का संचालन उत्तर प्रदेश के शामली निवासी विनय शर्मा कर रहा था। इसके बाद बसना पुलिस की विशेष टीम ने उत्तर प्रदेश पहुंचकर 17 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

कई राज्यों में फैला था नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी विनय शर्मा शराब, भांग और गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। वह विभिन्न राज्यों में संचालित शराब ठेकों की आड़ में नशे के कारोबार को संचालित कर रहा था। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ में ड्रग सिंडिकेट से जुड़े कई और बड़े नामों का खुलासा हो सकता है।

पुलिस ने पूरे गिरोह को पहुंचाया सलाखों के पीछे

महासमुंद पुलिस ने इस मामले में सप्लायर से लेकर रिसीवर तक पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए सभी प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें मुख्य सरगना विनय शर्मा, वाहन चालक, बिचौलिया और ओडिशा के दोनों सप्लायर शामिल हैं।

अब तक की बड़ी जब्ती
912.760 किलोग्राम अवैध गांजा
एक आयशर प्रो 2059 मालवाहक वाहन
4 फर्जी नंबर प्लेट
बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 4.56 करोड़ रुपये