7 सूत्रीय मांगों को लेकर निगम प्लेसमेंट कर्मचारियों का अल्टीमेटम, अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

रायपुर। नगर निगम रायपुर में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारियों ने निगम प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे। इस संबंध में कर्मचारियों ने निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
प्लेसमेंट कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजय एड़े ने कहा कि नगर निगम की विभिन्न शाखाओं, जोनों और जनसेवा से जुड़े विभागों में कार्यरत कर्मचारी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। कर्मचारियों ने सामाजिक, आर्थिक और सेवा सुरक्षा से जुड़ी 7 प्रमुख मांगें प्रशासन के सामने रखी हैं।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
० न्यूनतम मानदेय बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए।
० एजेंसी या ठेका बदलने पर कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
० वेतन विसंगतियों को दूर कर संविदा कर्मचारियों के समान मानदेय दिया जाए।
० नए श्रम कानूनों का पूर्ण पालन कराया जाए।
० वेतन का भुगतान सीधे कर्मचारियों के बैंक खातों में DBT के माध्यम से किया जाए।
० प्रत्येक माह की 5 तारीख तक वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
० वास्तविक कार्यभार के अनुसार निगम के सेटअप में संशोधन किया जाए।
मांगें नहीं मानी गईं तो ठप हो सकती हैं सेवाएं
संघ का कहना है कि निगम की सफाई, कार्यालयीन कार्य और अन्य आवश्यक सेवाओं में प्लेसमेंट कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा, जिससे निगम की कई सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।





