#प्रदेश

साय सरकार की घोषणा पर अमल : हजारों NHM कर्मचारियों को मिलेगी बीमा सुरक्षा,2 करोड़ तक का बीमा कवर, आदेश जारी

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। प्रदेश सरकार की घोषणा के बाद अब एनएचएम कर्मचारियों को बीमा सुरक्षा प्रदान करने संबंधी आदेश जारी कर दिया गया है। इस फैसले से प्रदेश के हजारों कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिलेगा।

13 जून को आयोजित प्रदेश स्तरीय एनएचएम कर्मचारी महासम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कर्मचारियों को बीमा सुरक्षा देने की घोषणा की थी। अब इस घोषणा को अमलीजामा पहनाते हुए बैंक ऑफ इंडिया के माध्यम से कर्मचारियों के लिए विशेष बीमा सुविधाएं लागू की गई हैं।

कर्मचारियों को मिलेंगे ये लाभ
व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा – 1.40 करोड़ रुपये
स्थायी पूर्ण विकलांगता पर – 1.40 करोड़ रुपये
स्थायी आंशिक विकलांगता पर – 70 लाख रुपये
हवाई दुर्घटना बीमा – 2 करोड़ रुपये
बच्चों की शिक्षा सहायता – प्रति बच्चा 5 लाख रुपये (अधिकतम 10 लाख रुपये)
सामान्य मृत्यु पर ग्रुप टर्म इंश्योरेंस – 6 लाख रुपये
रियायती दरों पर हेल्थ इंश्योरेंस सुविधा

इन कर्मचारियों को मिलेगा लाभ

छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी ने बताया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए कर्मचारी का वेतन खाता बैंक ऑफ इंडिया में सेलरी अकाउंट के रूप में होना अनिवार्य होगा। पहले वेतन के खाते में आने के बाद एमओयू के सभी प्रावधान लागू हो जाएंगे।

कर्मचारी संघ ने जताया आभार

संघ के प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने इस निर्णय को एनएचएम कर्मचारियों के लिए ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह फैसला कर्मचारियों और उनके परिवारों को भविष्य की चुनौतियों से सुरक्षा प्रदान करेगा।