#प्रदेश

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एसईसीएल योग महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन

Advertisement Carousel

० योग स्वस्थ, संतुलित और सक्रिय जीवन का आधार है : हरीश दुहन
बिलासपुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) द्वारा “एसईसीएल योग महोत्सव 2026” का आयोजन वसंत क्लब, वसंत विहार कॉलोनी में किया गया। “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन, श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा शशि दुहन, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) दारला सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी-योजना/परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र सहित वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन उपस्थित रहे।

ब्रह्मकुमारी गायत्री देवी के मार्गदर्शन में आयोजित योग सत्र में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया। इस दौरान कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। आयुष मंत्रालय के कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अनुसार आयोजित कार्यक्रम में योग के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक लाभों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाता है तथा बेहतर जीवन गुणवत्ता की ओर अग्रसर करता है। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास अपनाने, स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।

गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एसईसीएल मुख्यालय के साथ-साथ सभी क्षेत्रों और इकाइयों में भी योग संबंधी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें कर्मचारियों और उनके परिवारजनों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।