#crime #प्रदेश #राष्ट्रीय

मंगेतर की मुस्कान के पीछे मौत की साजिश: इशारे पर चट्टान से दिया धक्का, कारोबारी केतन हत्याकांड में चौंकाने वाले खुलासे

Advertisement Carousel

 

पुणे। कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में रोज नए और हैरान करने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर एक आदर्श प्रेम कहानी की तरह दिखने वाला रिश्ता दरअसल एक खौफनाक साजिश की नींव पर खड़ा था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस हत्याकांड की मास्टरमाइंड मंगेतर सिया गोयल थी, जिसने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को मौत के घाट उतारने की पूरी योजना बनाई थी।

इशारा मिलते ही चट्टान से दिया धक्का

पुलिस पूछताछ में सिया और चेतन ने बताया कि 18 जून को लोहागढ़ किले पर वारदात को अंजाम देने से पहले पूरी प्लानिंग की गई थी। तय हुआ था कि जैसे ही सिया नीचे बैठकर इशारा करेगी, चेतन पीछे से आकर केतन को चट्टान से धक्का दे देगा। पुलिस के अनुसार, सिग्नल मिलते ही चेतन ने केतन को पीछे से धक्का दिया, जिससे वह गहरी खाई में गिर गया। इसके बाद सिया हादसे का नाटक करते हुए मदद के लिए चिल्लाने लगी।

पहले भी की गई थी हत्या की कोशिश

जांच में सामने आया है कि 14 जून को भी सिया ने केतन को धक्का देकर मारने की कोशिश की थी। हालांकि उस समय केतन एक पेड़ पकड़कर बच गया था। पहली कोशिश नाकाम होने के बाद सिया ने चेतन के साथ मिलकर दोबारा योजना बनाई और 18 जून को वारदात को अंजाम दिया।

लोकेशन छिपाने के लिए रची अलग साजिश

पुलिस को गुमराह करने के लिए चेतन अपना मोबाइल फोन दुकान पर छोड़ गया था। वह अपने एक कर्मचारी का फोन लेकर लोहागढ़ पहुंचा ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके। पुलिस अब कर्मचारी से भी पूछताछ कर रही है।

शादी से बचना चाहती थी सिया

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सिया शादी के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं थी। उसने कई बार शादी टालने की इच्छा जताई थी। वहीं चेतन और सिया के बीच पिछले वर्ष कारोबारी मुलाकात के दौरान नजदीकियां बढ़ी थीं। दोनों के बीच प्रेम संबंध बनने के बाद केतन उनके रास्ते का सबसे बड़ा रोड़ा बन गया।

सोशल मीडिया पर दिखती थी ‘परफेक्ट लव स्टोरी’

हैरानी की बात यह है कि सोशल मीडिया पर सिया और केतन का रिश्ता बेहद खुशहाल नजर आता था। केतन अपनी मंगेतर को लगातार सरप्राइज देता था और उसके जन्मदिन का काउंटडाउन तक मनाता था। दोनों के रोमांटिक वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिन्हें देखकर कोई भी इस खौफनाक साजिश का अंदाजा नहीं लगा सकता।

सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज

पुलिस ने लोहागढ़ किले के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें सिया और केतन के पीछे एक युवक चलता दिखाई दिया। युवक ने हुडी पहन रखी थी ताकि उसका चेहरा कैमरे में कैद न हो सके। एक फुटेज में सिया के पीछे मुड़कर देखने पर वह युवक अचानक झुकता हुआ नजर आता है। बाद में उसकी पहचान चेतन चौधरी के रूप में हुई।

परिवार ने की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग

केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने आरोपियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने और जल्द से जल्द कड़ी सजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि परिवार ने अपना इकलौता बेटा खो दिया है और दोषियों को कठोरतम दंड मिलना चाहिए।फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और हत्या की साजिश से जुड़े हर पहलू को खंगाल रही है।