#अंतरराष्ट्रीय

वेनेजुएला में तबाही का डबल झटका : एक मिनट में दो शक्तिशाली भूकंप, हजारों मौतों की आशंका, इमरजेंसी घोषित

Advertisement Carousel

 

काराकास। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में बुधवार को आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी। राजधानी काराकास समेत कई शहरों में एक मिनट के भीतर आए भूकंप के तेज झटकों से इमारतें भरभराकर गिर गईं और हजारों लोग मलबे में दब गए। हालात की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने देशभर में आपातकाल घोषित कर दिया है, जबकि राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, पहला भूकंप काराकास से लगभग 160 किलोमीटर पश्चिम में 7.2 तीव्रता का दर्ज किया गया। इसके कुछ ही सेकंड बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा शक्तिशाली झटका महसूस हुआ। भूकंप के कारण कई बहुमंजिला इमारतें, मकान और अन्य ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए। प्रारंभिक रिपोर्टों में भारी जनहानि की आशंका जताई गई है।

सरकार ने घोषित किया राष्ट्रीय आपातकाल

भूकंप के बाद वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकार हर संभव संसाधन के साथ राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई है। हालांकि, मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या अभी जारी नहीं की गई है।

मलबे में फंसे लोगों को निकालने की जद्दोजहद

भूकंप के बाद स्थानीय प्रशासन, आपदा प्रबंधन एजेंसियों और सुरक्षा बलों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। बचाव दल भारी मशीनों और विशेष उपकरणों की मदद से मलबे में दबे लोगों को निकालने में जुटे हैं। कई इलाकों में लोगों के चीखने-चिल्लाने और मदद की गुहार लगाने की खबरें सामने आई हैं।

गृह मंत्री डियोसडाडो कैबेलो ने बताया कि अनेक इमारतें और घर क्षतिग्रस्त हुए हैं तथा प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का कार्य जारी है।

हवाई अड्डा बंद, अस्पतालों में अलर्ट

भूकंप के कारण काराकास के निकट स्थित देश के सबसे बड़े हवाई अड्डे को एहतियातन बंद कर दिया गया है। वहीं अस्पतालों में आपातकालीन व्यवस्था लागू कर दी गई है और अतिरिक्त मेडिकल स्टाफ को ड्यूटी पर बुलाया गया है। घायलों के उपचार के लिए विशेष वार्ड तैयार किए गए हैं।

अमेरिका ने बढ़ाया मदद का हाथ

भूकंप के बाद अमेरिका ने वेनेजुएला को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिया है। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि वे स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और जरूरत पड़ने पर राहत सामग्री एवं बचाव संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।

राष्ट्रीय अवकाश के दिन आई आपदा

गौरतलब है कि जिस दिन यह भूकंप आया, उस दिन वेनेजुएला में राष्ट्रीय अवकाश था और अधिकांश लोग अपने घरों में मौजूद थे। ऐसे में अचानक आए शक्तिशाली झटकों ने लोगों को संभलने का मौका तक नहीं दिया। कई प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भूकंप के दौरान लोग जान बचाने के लिए इमारतों से बाहर भागते नजर आए।

फिलहाल पूरे देश में दहशत का माहौल है और प्रशासन लोगों से सतर्क रहने तथा क्षतिग्रस्त इमारतों से दूर रहने की अपील कर रहा है।