लखनऊ अग्निकांड के बाद गरजा बुलडोजर एक्शन: 15 मौतों वाले अवैध कॉम्प्लेक्स पर चलेगा पीला पंजा

लखनऊ। अलीगंज में 15 लोगों की जान लेने वाले भीषण अग्निकांड के बाद प्रशासन अब एक्शन मोड में नजर आ रहा है। जिस अवैध कॉम्प्लेक्स में आग लगने से यह दर्दनाक हादसा हुआ था, उसे जमींदोज करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने साफ कर दिया है कि 7 जुलाई को अवैध इमारत पर बुलडोजर चलेगा।
बुधवार सुबह एलडीए की पांच सदस्यीय जांच टीम मौके पर पहुंची और भवन का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटाए और भवन की वैधता की जांच की। इसी दौरान कॉम्प्लेक्स पर अग्निकांड की तस्वीरों के साथ नया नोटिस भी चस्पा किया गया।
हादसे के बाद सख्त कार्रवाई
एलडीए अधिकारियों के मुताबिक, भवन में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गई हैं। इसी के चलते इसे ध्वस्त करने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि अवैध निर्माण और सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मालिकों की दूसरी संपत्ति भी जांच के घेरे में
जांच के दौरान अलीगंज सेक्टर-डी में भवन मालिक वीरेंद्र प्रसाद शुक्ल और सुरेंद्र प्रसाद शुक्ल की एक अन्य संपत्ति का भी पता चला है। अब उस संपत्ति के दस्तावेजों और निर्माण की वैधता की जांच शुरू कर दी गई है।
15 जिंदगियां निगल गया था अग्निकांड
गौरतलब है कि सोमवार को अवैध कॉम्प्लेक्स में लगी भीषण आग ने 15 लोगों की जान ले ली थी। इस हादसे के बाद पूरे शहर में आक्रोश का माहौल है। प्रशासन पर सवाल उठने के बीच अब जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई और अवैध निर्माणों पर शिकंजा कसने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।7 जुलाई को होने वाली कार्रवाई पर अब पूरे शहर की नजरें टिकी हुई हैं।





