#प्रदेश

UPSC प्री में चमके छत्तीसगढ़ के युवा, ट्राइबल यूथ हॉस्टल के सफल अभ्यर्थियों से दिल्ली में मिले सीएम साय

Advertisement Carousel

० मेन्स और इंटरव्यू की तैयारी के लिए बढ़ाया हौसला, कहा— यह सिर्फ सफलता नहीं, मेहनतकश परिवारों के सपनों की जीत

रायपुर/नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रारंभिक परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले ट्राइबल यूथ हॉस्टल, द्वारका के विद्यार्थियों ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा (मेन्स) और इंटरव्यू के लिए शुभकामनाएं देते हुए पूरी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के मेहनतकश और साधारण परिवारों के सपनों की जीत है। उन्होंने कहा कि कोई अभ्यर्थी राजमिस्त्री के परिवार से है, कोई किसान का बेटा है तो कोई शिक्षक परिवार से आता है। सीमित संसाधनों के बावजूद इन युवाओं ने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा के पहले चरण में सफलता हासिल की है, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनकी तैयारी, अध्ययन पद्धति, संघर्ष और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। विद्यार्थियों ने बताया कि ट्राइबल यूथ हॉस्टल में उपलब्ध अध्ययन का अनुकूल वातावरण, मार्गदर्शन और सुविधाओं ने उन्हें बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने का आत्मविश्वास दिया।

सीएम साय ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रारंभिक परीक्षा केवल पहला पड़ाव है। असली चुनौती मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में बेहतर प्रदर्शन करना है। उन्होंने समय प्रबंधन, अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर मेहनत को सफलता की सबसे बड़ी कुंजी बताते हुए कहा कि कठिन परिश्रम का कोई विकल्प नहीं होता।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए लगातार अवसर उपलब्ध करा रही है। विशेष रूप से दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, ताकि संसाधनों की कमी किसी भी प्रतिभा की राह में बाधा न बने।