#प्रदेश

झारखंड में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक से भिड़ी यात्री गाड़ी, ताशा पार्टी के 7 सदस्यों की मौत

Advertisement Carousel

रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि यात्री वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना राजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी गांव के पास रामगढ़-बोकारो मार्ग पर रात करीब 12 बजे हुई। एक यात्री वाहन की तेज रफ्तार ट्रक से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। वाहन में सवार सभी लोग ताशा पार्टी के सदस्य थे और किसी कार्यक्रम से लौट रहे थे।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने बताया कि मृतकों में राजरप्पा थाना क्षेत्र के मरांगमरचा गांव के निवासी भी शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।