केतन अग्रवाल हत्याकांड में बड़ा खुलासा: क्रिकेट से शुरू हुई दोस्ती, मंगेतर तक ऐसे पहुंचा आरोपी चेतन

पुणे। पुणे के चर्चित कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में रोज नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस जांच में अब सामने आया है कि आरोपी चेतन चौधरी और गोयल परिवार के बीच संपर्क कैसे बना। जांच के मुताबिक, क्रिकेट के मैदान पर हुई दोस्ती ने इस रिश्ते की नींव रखी और बाद में यही संबंध एक कथित साजिश तक पहुंच गया। मामले में पुलिस कई अहम कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, सिया के भाई साहिल और आरोपी चेतन चौधरी की मुलाकात वर्ष 2024 में क्रिकेट के जरिए हुई थी। दोनों की दोस्ती गहरी होने के बाद साहिल ने चेतन की मुलाकात अपनी बहन सिया से कराई। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं।
साहिल ने रिश्ता खत्म करने की दी थी सलाह
लोहागढ़ किले में हुई संदिग्ध मौत की जांच कर रही पुलिस ने शुक्रवार को साहिल से करीब 10 घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि वह कई महीनों से सिया और चेतन के रिश्ते के बारे में जानता था। उसने सिया को यह संबंध खत्म करने की सलाह भी दी थी, क्योंकि उसकी सगाई कारोबारी केतन अग्रवाल से हो चुकी थी।
शादी की तैयारियां चलती रहीं, संपर्क भी नहीं टूटा
जांच में सामने आया है कि सिया एक ओर केतन के साथ शादी की तैयारियों में सक्रिय थी। वह उनके परिवार से नियमित रूप से मिलती थी और बाली में प्री-वेडिंग फोटोशूट की योजना भी बनाई गई थी। वहीं दूसरी ओर, पुलिस के अनुसार जनवरी से जून के बीच सिया और चेतन के बीच 2,000 से अधिक फोन कॉल हुए और दोनों ने करीब 238 घंटे बातचीत की।
जांच में सामने आई नई बातें
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सिया कथित तौर पर केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। जांच में यह भी सामने आया है कि उसे केतन के विग पहनने की जानकारी मिलने के बाद वह असहज थी। हालांकि, केतन के परिवार का कहना है कि गोयल परिवार को पहले से ही उनके हेयर पैच के बारे में जानकारी थी।
क्या है पूरा मामला?
18 जून को पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की लोहागढ़ किले से गिरने के बाद मौत हो गई थी। पुलिस इस मामले को संदिग्ध हत्या मानकर जांच कर रही है। इस मामले में केतन की मंगेतर सिया और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया जा चुका है। फिलहाल दोनों पुलिस हिरासत में हैं और जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित साजिश की योजना कब और कैसे बनाई गई।




