#प्रदेश #राष्ट्रीय

Breaking News : पेपर लीक होने के शक में महाराष्ट्र TET-2026 परीक्षा रद्द, नई तारीख जल्द होगी घोषित

Advertisement Carousel

मुंबई।महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) से पहले एक बार फिर कथित पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद रविवार को होने वाली परीक्षा रद्द कर दी गई है। भिवंडी में पुलिस कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों के पास परीक्षा से जुड़े प्रश्न मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल परीक्षा स्थगित करने का फैसला लिया। घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में भी आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

गुप्त सूचना पर पुलिस का छापा

जानकारी के अनुसार, 27 जून की सुबह भिवंडी पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोगों के पास टीईटी परीक्षा के प्रश्नपत्र से जुड़ी गोपनीय जानकारी मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की और महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर दस्तावेजों का सत्यापन कराया।

जांच में सामने आया कि आरोपियों के पास मौजूद कई प्रश्न TET जून-2026 के प्रश्नपत्र से मेल खाते हैं। इसके बाद भिवंडी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। इस मामले में कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया गया है।

विपक्ष ने सरकार को घेरा

मामला सामने आने के बाद विपक्ष ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस नेताओं और एनएसयूआई के पूर्व पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया पर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे परीक्षा प्रणाली की बड़ी विफलता बताया।

वहीं भिवंडी के विधायक रईस शेख ने कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाएं प्रशासनिक नाकामी का प्रमाण हैं और इसका खामियाजा लाखों छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग भी की।

नई परीक्षा तिथि जल्द होगी घोषित

महाराष्ट्र शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि रविवार को प्रस्तावित टीईटी परीक्षा फिलहाल स्थगित कर दी गई है। आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद परीक्षा की नई तारीख घोषित की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि प्रश्नपत्र लीक के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।