कांकेर में कुदरत का कहर: आकाशीय बिजली गिरने से दो मवेशियों की मौत, पशुपालकों को भारी नुकसान

० पेड़ के नीचे चर रहे थे मवेशी, बिजली गिरते ही मौके पर तोड़ा दम; ग्रामीणों ने मुआवजे की उठाई मांग
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में आकाशीय बिजली ने दो पशुपालकों की रोजी-रोटी पर बड़ा वार किया है। पखांजूर क्षेत्र के पीव्ही-129 गांव में शनिवार को कुसुम के पेड़ के नीचे चर रहे दो मवेशी अचानक गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और प्रभावित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, मृत्युंजय मंडल और प्रणाम मंडल के मवेशी गांव के पास चर रहे थे। इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट ली और कुसुम के पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। तेज झटके की चपेट में आने से दोनों मवेशियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और प्रशासन को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों ने प्रभावित पशुपालकों को शीघ्र उचित मुआवजा देने की मांग करते हुए कहा कि मवेशियों की मौत से परिवारों को गंभीर आर्थिक नुकसान हुआ है।





