#प्रदेश

लक्ष्मीनारायण कन्या विद्यालय में धूमधाम से मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव, नवप्रवेशी छात्राओं का तिलक कर किया स्वागत

Advertisement Carousel

 

रायपुर। लक्ष्मीनारायण कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गुरुकुल परिसर, कालीबाड़ी रोड रायपुर में बुधवार को शाला प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन गुरुकुल प्रेक्षागृह में किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि भातखण्डे ललितकला शिक्षा समिति के अध्यक्ष तरल मोदी रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के उपाध्यक्ष अजय तिवारी ने की। इस अवसर पर समिति की सचिव श्रीमती शोभा खंडेलवाल, गुरुकुल महिला महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. संध्या गुप्ता तथा कमलादेवी संगीत महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती आरती सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन से हुई। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मनीषा गहोई ने स्वागत भाषण देते हुए विद्यालय का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और सभी अतिथियों का स्वागत किया।

इस दौरान नवप्रवेशी छात्राओं का तिलक लगाकर, मिष्ठान खिलाकर और कॉपी, पुस्तक एवं पेन वितरित कर विद्यालय परिवार में आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. वर्णिका शर्मा सहित सभी अतिथियों ने छात्राओं को आशीर्वचन देते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षिका सादिका सुल्ताना सिद्दीकी ने किया। इस अवसर पर अतिथियों का शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।

समारोह में विद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं, कर्मचारी, छात्राएं तथा पालक समिति के अध्यक्ष हेमकरन देवांगन, उपाध्यक्ष श्रीमती गौरी सोनकर एवं ईंधन कलिहारी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से शाला प्रवेश उत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।